Mar 29, 2012

विशेष विकलांगता जांच शिविर शुरू

Mar 29, 2012 |

मधुबनी, निज प्रतिनिधि : जिला में विकलांगता प्रमाण पत्र के वितरण के लिए दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया है जिसमें गुरुवार को सदर अस्पताल परिसर में शिविर लगाकर वृहत पैमाने पर विकलांगता जांच की गई जबकि शुक्रवार को झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल परिसर में शिविर कार्यक्रम रखा गया है। गुरुवार को सिविल सर्जन डा. एस.के. सिन्हा के निर्देशन में करीब पांच सौ विकलांगों की जांच की गई तथा प्रमाण पत्र वितरण की व्यवस्था की गई है।
मधुबनी जिला में वर्तमान में मूक, बधिर, मानसिक विकलांग एवं शरीर से अक्षम लोगों की संख्या काफी है, परन्तु यहां पर इन विकलांगों की विकलांगता फीसदी में जांच की व्यवस्था नहीं हो पाती थी, जिससे इन विकलांगों को सरकारी विभिन्न लाभपरक योजनाओं से वंचित रहना पड़ रहा था। विकलांगता जांच शिविर का आयोजन नहीं होने का मुख्य कारण यहां विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी बताई गई है। सिविल सर्जन डा. सिन्हा ने बताया कि इस संदर्भ में राज्य स्तरीय बैठक में कई बार चर्चा भी की गई। ऊपर से बार-बार विकलांगता शिविर आयोजन का दबाव बन रहा था। इस बीच जिलाधिकारी के सहयोग से सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने इस दिशा में पहल किया तथा पटना से डाक्टरों की टीम मंगवाया गया। पटना से यहां पहुंचे मानसिक रोग विशेषज्ञ एवं मूक बधित विशेषज्ञ डाक्टरों ने गुरुवार को करीब पांच सौ विकलांगों की जांच की। जिसमें तीस फीसदी से ऊपर के अधिकांश विकलांगों को प्रमाण पत्र भी वितरण किए गए हैं। पटना से यहां पहुंचे इसी डाक्टरों की टीम द्वारा शुक्रवार को झंझारपुर में कैंप लगाकर जांच की जाएगी। इसके लिए सिविल सर्जन ने झंझारपुर के एसडीओ एवं वहां के डाक्टरों से पूर्ण सहयोग का आग्रह किए हैं।


Related Posts



0 comments: