Mar 29, 2012

टीबी रोगी दवा का पूरा कोर्स लें

Mar 29, 2012 |
मधुबनी, संवाद सूत्र : शहर की हनुमाननगर कालोनी स्थित पूर्व मंत्री जुगेश्वर झा के आवास के सामने श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के दौरान गुरुवार से दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर प्रारंभ किया गया। शिविर के प्रथम दिन पीएमसीएच के वरीय चेस्ट सर्जन डा. सुभाष चन्द्र झा द्वारा 156 रोगियों की जांच की गई। शिविर में पुरानी खांसी, दम फूलना, छाती दर्द, छाती में चोट के अलावा टीबी के मरीजों की संख्या अधिक देखी गई। शिविर में डा. श्री झा ने बताया कि किसी भी रोग के प्रति जागरुकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने टीबी रोगियों को नियमित रूप से निर्धारित अवधि तक दवा का सेवन करने की सलाह देते हुए कहा कि अनियमित रूप से टीबी की दवा सेवन करना खतरनाक साबित होता है। उन्होंने देश में प्रत्येक तीन मिनट में दो टीबी रोगियों तथा प्रत्येक दिन करीब एक हजार इसके रोगियों की मौत होने की जानकारी देते हुए इस रोग के रोगियों को नियमित रूप से दवा का सेवन करने के साथ-साथ समय पर भोजन करने की सलाह देते हुए नशापान से दूर रहने की अपील की। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि टीबी रोगियों को दवा के सेवन के साथ समय-समय पर लीवर फंक्शन जांच करानी चाहिए। क्योंकि टीबी की अधिक दवाएं लीवर को नुकसान पहुंचा सकता है। जिससे जांडिस का खतरा बना रहता है। उन्होंने फेंफड़ा के गंभीर रोगियों का समुचित इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती होने पर बल देते हुए कहा कि नियमित रूप से बुखार, खांसी आने के प्रति लोगों को लापरवाही नहीं करनी चाहिए। उन्हें स्थानीय चिकित्सा केन्द्रों पर जांच कराकर डाक्टर से सलाह लेकर दवा का सेवन करना चाहिए।


Related Posts



0 comments: